Monday, January 2, 2012

फितरत

पिया तुम चन्दन, मैं तुमरी लता, तुम हो दीया और मैं तुमरी बाती,

जाने ऐसी कितनी बातें कह कह कर, चिड़िया रोज रिझाती अपने चिड़े को.

चिड़ा हँसता, पर कुछ न कहता, चिड़िया की मासूमियत से परिचित था वो!

डरता और हमेशा कहता, अब जब भी बाहर निकलना,

ध्यान देना, फिर से न आया हो....

पर बहेलिया भी तो शातिर था,

कैसे जाने देता चिड़िया को ?

राह देखता, कब चिड़ा घर पे न हो....

फिर एक दिन उसकी किस्मत जागी,

देखा, चिड़ा निकला कहीं जाने को.

भागा घर, लाकर बिछाया सबसे महीन जाल,

नए चमकते दाने डाले और

राह देखने लगा....

उसे अपने भाग्य से ज्यादा,

चिड़िया की मासूमियत पे भरोसा था....

थोड़ी देर बाद, सारे बच्चों को लेकर

चिड़िया दाना चुगने बाहर निकली.

"माँ, माँ वो देखो, इतने सारे नए नए दाने,

चलो न मिल कर सारे ले लें".

चिड़िया सहमी, ऐसा कैसे?

और चारोँ ओर देखा....

दूर बैठे बहेलिया पे उसकी नज़र पड़ गयी,

घबरायी और चिल्लायी -

"चलो भागो सब घर के अन्दर,

नहीं चुगना हमें ये दाना".

सारे बच्चों को समेट, वापस भागी....

सबको जाता देख, बहेलिया लपकते हुए पास आया.

कान पकड़े, गलती मानी, "बदल चुका हूँ मैं,

मेरा विश्वास करो, पिछली गलती का ही प्रायश्चित करने आया हूँ"....

इतना रोया, इतना मनाया, चिड़िया को दया आ ही गयी,

सोचा, होती ही रहती हैं गलतियाँ....

भोली चिड़िया और उसके बच्चे

पिछली सारी बातें भूल गए,

मासूमियत उनका स्वभाव था,

विश्वास करना उनकी फितरत,

क्षमा करना उनकी आदत,

उनको तो बस प्यार करना ही आता था...

“माँ देखो उसकी मुस्कान कैसी बदली बदली सी है, है न?

लगता है, गलतियों पे बहुत पछताया होगा, एक मौका दे दो न, माँ ”.

जैसी चिड़िया, वैसे ही मासूम उसके बच्चे.

और चिड़िया मान गयी.

चिड़िया ने चारोँ ओर देखा,

"ये चिड़ा भी न, जाने कहाँ चला गया....

अब तो दानो की कोई कमी ही नहीं,

ये बहेलिया तो अब अपना ही है न"....

फिर भी,

थोड़ा सहमे, थोड़ा सकुचाये, सब एक दूसरे को थामे,

चल पड़े दानो की ओर....

बहेलिया बोला “डरो नहीं, देखो ये सारे दाने तुम्हारे लिए ही हैं,

ले लो, जितना जी चाहे, ले लो, डरो नहीं,

चलो मैं अपनी आँखे मूँद लेता हूँ ”....

सबने समझा, अपने किये पर कितना पछता रहा है

और धीरे धीरे, सब दाने चुगने पहुँच गए,

बहेलिया के पास, निश्चिंत....

पहुचने भर की देर थी,

बहेलिया ने मिची आँखें खोली,

एक ही झटके से जाल खिंची

और सब....

उसने जाल समेटा,

झोले का मुंह बंद किया, दाने उठाये और चल पड़ा....

फिर कभी, किसी ने चिड़िया के गीत नहीं सुने.

कहते हैं,

चिड़ा आया, बहुत ढूँढा अपनी चिड़िया को

और फिर उसने भी ख़ुदकुशी कर ली....

Friday, December 30, 2011

तुम्हारे नाम

लोग हमारे रिश्ते को
एक नाम देकर
निश्चिन्त होना चाहते हैं

वो जानते हैं
रिश्तों के दायरे होते हैं
और दायरों में पड़ा इंसान

खतरनाक नहीं होता

उन्हें परेशानी है
तुम्हारी ललाट पे पड़े बेख़ौफ़ जुल्फों से
तुम्हारी शोख चाल से

उन्हें उलझन है
तुम्हारी धीमी मुस्कराहट से
जैसे तुम कुछ कह रही हो
कुछ अनकहा भी सुन रही हो

उन्हें परेशानी है
मेरे बेख़ौफ़ इरादों से

घंटों तुम्हारी तस्वीर पे नज़रें टिकाये रहने से ..

वो जानना चाहते हैं
हमारा रिश्ता....
चाहते हैं
एक नाम देकर निश्चिन्त हो जाना

उनसे कहो
पूछें जाकर
चकोर से,
समुद्र की लहरों से,
क्या है उनका रिश्ता

चाँद से....

मगर ये बेचारे भी क्या करें ?

कुछ रिश्ते
बस अनाम होते हैं
बस होते हैं
और इनके नाम नहीं होते ....


Tuesday, December 20, 2011

मैं कोई वायदा नहीं

मैं हूँ,
हूँ
बस हूँ

खुशबू हूँ,
अगर तुमने प्यार से महसूस किया,
हवा का एक झोंका,
अगर पकड़ने की कोशिश की....

अपनी पहचान खुद ही बनाता हूँ,
और फिर अपने ही हाथों उसे मिटा भी देता हूँ
क्या करोगे मुझे जान कर
क्या करोगे मुझसे कोई वायदा लेकर....

कौन जान पाया
किसीको यहाँ
ना मैं कुछ जानना चाहता हूँ
नाही कुछ .................

एक धुएं की तरह हूँ
आज हूँ
बस आज
और कल
नहीं भी हूँ....

Sunday, November 20, 2011

चलेंगे नहीं तो पहुचेंगे कैसे




सबको कहीं पहुँचना है ….

कहाँ ?

- नहीं मालूम

मगर पहुँचना है ....


कहते हैं

जीवन चलने का नाम है

चलेंगे नहीं तो पहुंचेंगे कैसे …

क्यूंकि सब चल रहे हैं,

इसलिए सब चल रहे हैं....

इसीलिए मुझे भी चलना है,

- मैं भी चल रहा हूँ ....


अच्छा चलो,

पहुँच गए,

जानोगे कैसे

पहचानोगे कैसे

मालूम कैसे होगा ????


- अरे,

उससे फ़रक क्या पड़ता है ?????

किसी को मालूम है क्या????


पर पहुँचना कहाँ है ?????

- हद हो गयी

फिर वोही बात,

कहा न


चलेंगे नहीं तो पहुचेंगे कैसे

पहुँचना

ही है ....